एफएनएन ब्यूरो, बरेली । आचार्य सुधांशु महाराज ने कहा कि भारत आज उस स्थिति में पहुंच गया है कि विदेशों में भी हमारे तिरंगे की ताकत से युद्ध क्षेत्र से भी भारतीय सुरक्षित निकाल लिए जाते हैं। विदेश में फांसी की सजा पाए भारतीय भी सुरक्षित अपने देश लौट आते हैं।

विश्व जागृति मिशन से जुड़े व्यापारी नेता पवन अरोड़ा के निवास पर आचार्य सुधांशु महाराज ने कहा कि भारत देश अब हथियारों का भी अन्य देशों को निर्यात कर रहा है। अभी कुछ समय पूर्व वह फिलिपींस गए थे। वहां उन्हें बताया गया की आधुनिक हथियार अब भारत से ही खरीदे जा रहे हैं। आचार्य सुधांशु ने कहा कि राम मंदिर बन जाने से विश्व में भारत का मस्तक गर्व से ऊंचा हुआ है। जिस प्रकार वर्षो से लंबित केस में कोर्ट के आदेश से राम मंदिर बन गया। उसी तरह पूरी उम्मीद है कि काशी, मथुरा का भी आपसी वार्ता से ही जल्द ही कोई सम्मानजनक हल जरूर निकलेगा। सुधांशु महाराज ने कहा कि हिंदू समाज जात-पांत में बंटने के बजाय एकजुट रहे तो भारत और ताकतवर होगा। हमारे देश का नेतृत्व देश को सही दिशा में आगे ले जा रहा है। विश्व भी मानता है कि भारत ने कोरोना काल में 140 करोड़ भारतीयों को ही नहीं, विश्व के बहुत ले देशों के नागरिकों को भी एंटी कोविड वेक्सीन देकर उनकी भी जानें बचाने में मदद की।

झारखण्ड के राज्यपाल सन्तोष कुमार गंगवार ने भी आचार्य सुधांशु महाराज के बरेली प्रवास पर उनसे भेंट की। सुधांशु महाराज ने राज्यपाल संतोष गंगवार से आग्रह किया कि झारखण्ड में संचालित आदिवासी पब्लिक स्कूल रुक्का-खूंटी को सुदृढ़ बनाकर वहां पर अध्यनरत बच्चों को भी देश की मुख्य धारा में लाया जाए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री डॉक्टर अरुण सक्सेना, विश्व जागृति मिशन के केन्द्रीय अधिकारी राजकुमार अरोड़ा, मनोज शास्त्री, बरेली मण्डल के प्रधान देवेन्द्र खण्डेलवाल तथा महामंत्री पवन अरोड़ा, एपेक्स के संदीप मेहरा, संजय गर्ग, राज कुमार चोपड़ा, महेंद्र गंगवार, आर बी सिंह आदि मौजूद रहे।