एफएनएन, पुणे : Neet Paper Leak परीक्षा में कथित पेपर लीक के मुद्दे को लेकर विरोध की आवाजें लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में कॉकरोच जनता पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई है और इसके समर्थन में पुणे से आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है।
पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 11 जून को सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता को लेकर एक घोषणापत्र भी जारी किया जाएगा।
दिपके ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक शहर तक सीमित नहीं रहेगा। पुणे के बाद लखनऊ, अमृतसर और जयपुर में भी इसी तरह के प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 20 जून से दिल्ली में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जो मांग पूरी होने तक जारी रह सकता है।
उन्होंने दावा किया कि आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल होंगे। साथ ही कुछ सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग भी इस अभियान का समर्थन करेंगे। आंदोलन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक और शिक्षा क्षेत्र में आवश्यक सुधारों की मांग उठाना है।
अभिजीत दिपके के अनुसार, उनकी टीम पिछले कई दिनों से शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों का अध्ययन कर रही है। उनका कहना है कि आंदोलन केवल विरोध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए ठोस सुझाव भी सामने रखे जाएंगे।







