एफएनएन, रुड़की : Roorkee हरिद्वार जिले के रुड़की में दिवाली की रात आतिशबाजी के दौरान हुए हादसे ने त्योहार की खुशियों को मातम और दहशत में बदल दिया। पटाखे से निकली एक चिंगारी टेंट हाउस परिसर में जा गिरी, जिससे वहां रखे सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे टेंट हाउस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पटाखे की चिंगारी से भड़की आग
जानकारी के अनुसार, रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर गांव के पास विश्वराज सैनी और नरेश सैनी का टेंट हाउस स्थित है। रविवार को दिवाली के मौके पर आसपास के लोग आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान एक पटाखा टेंट हाउस के परिसर में जा गिरा। बताया जा रहा है कि पटाखे से निकली चिंगारी ने वहां रखे ज्वलनशील सामान को आग की चपेट में ले लिया।
कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी और टेंट हाउस में रखा सजावटी सामान, फर्नीचर, टेंट सामग्री समेत अन्य कीमती सामान जलने लगा। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
आधा दर्जन दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा
आग को बेकाबू होता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और सिविल लाइन कोतवाली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए करीब आधा दर्जन दमकल वाहनों को घटनास्थल पर लगाया गया।
दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि, तब तक टेंट हाउस में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और देर रात तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस ने नुकसान का आकलन शुरू किया
सिविल लाइन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि शेरपुर गांव में टेंट हाउस की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।







