एफएनएन, मुजफ्फरनगर : Muzaffarnagar उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार (9 नवंबर) सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। बताया जा रहा है कि सभी लोग हरियाणा के जींद के रहने वाले थे और हरिद्वार जा रहे थे।
सुबह करीब 5 बजे हुआ भीषण हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना मुजफ्फरनगर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास हुई। बताया जा रहा है कि कार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हाईवे पर दौड़ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का पोल दो हिस्सों में टूट गया। इसके बाद कार डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई।
टक्कर के बाद आग का गोला बनी कार
हादसे के कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर मौजूद लोग चाहकर भी कार के नजदीक नहीं पहुंच सके।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इसके बाद कार के दरवाजे तोड़कर अंदर जांच की गई, जहां छह लोगों के शव मिले। आग की वजह से सभी शव बुरी तरह झुलस चुके थे। पुलिस ने शवों के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
मृतकों में एक महिला भी शामिल, पहचान की प्रक्रिया जारी
पुलिस के मुताबिक, कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी हरियाणा के जींद के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें एक महिला भी शामिल थी। आग में शव बुरी तरह जल जाने के कारण मृतकों की पहचान करने में परेशानी आ रही है। पुलिस उनकी शिनाख्त के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
हाईवे पर लगा जाम, हादसे की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पानीपत-खटीमा हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।








