एफएनएन, फरीदाबाद : Faridabadअपराध शाखा की संयुक्त टीम ने एक वांछित हिस्ट्रीशीटर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से चोरी के मामलों में फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ आईएमटी से मच्छगर गांव जाने वाले मार्ग पर हुई, जहां आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की वारदातों में शामिल आरोपी सोनू इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर अपराध शाखा सेक्टर-85 और अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान संदिग्ध को बाइक पर आते हुए देखा गया और उसे रुकने का संकेत दिया गया।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। पूछताछ में उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और हाल की वारदातों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सोनू एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 28 मामले दर्ज हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के नोएडा सहित कई क्षेत्रों के मुकदमे भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी थाना पल्ला क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में भी वांछित था।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के अन्य साथियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।







