एफएनएन, चरखी दादरी : Haryana की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की राजनीति अब केवल सरकार का विरोध करने तक सीमित रह गई है। उन्होंने दावा किया कि जनता के भरोसे और प्रदेश में हुए विकास कार्यों के आधार पर हरियाणा में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी। आरती राव ने कांग्रेस के ‘ 70 पार ’ वाले दावे पर तंज कसते हुए कहा कि पहले की तरह इस बार भी ये दावे हकीकत से दूर साबित होंगे।
आरती राव शुक्रवार को चरखी दादरी में यादव महासभा की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। कार्यक्रम में सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक सुनील सांगवान, उमेद पातुवास, ओमप्रकाश यादव और अनिल यादव समेत कई जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
विधानसभा हंगामे को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
विधानसभा में हुए हंगामे और धक्का-मुक्की के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस विधायकों के रवैये को अनुशासनहीन बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक हाथों में तख्तियां लेकर सदन में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जबकि यह विधानसभा के नियमों के अनुरूप नहीं था।
आरती राव के मुताबिक, अगर विपक्ष शांतिपूर्ण तरीके से सदन में प्रवेश करता तो विवाद की स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से सदन में किसी तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं किया गया और अध्यक्ष की ओर से निलंबन की कार्रवाई के बाद विधानसभा की कार्यवाही सामान्य तरीके से आगे बढ़ सकी।
देश की जीडीपी और महंगाई को लेकर विपक्ष के सवालों पर भी आरती राव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार के अच्छे कामों की तारीफ कभी नहीं करेगा। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष सरकार की प्रशंसा करने लगे तो फिर वह विपक्ष में क्यों बैठेगा, बल्कि सीधे सरकार में ही शामिल हो जाएगा।
दादरी मेडिकल कॉलेज पर दिया अपडेट
चरखी दादरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के नामकरण को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्वास्थ्य मंत्री ने स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि नामकरण से जुड़ी कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसको लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने बताया कि बजट का स्वरूप तय होने के बाद मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान आरती राव ने दक्षिण हरियाणा में सामाजिक और राजनीतिक एकजुटता की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा की राजनीतिक ताकत ने कई बार सरकारों के गठन और बदलाव में अहम भूमिका निभाई है। उनके मुताबिक किसी एक बिरादरी के सहारे सरकार नहीं बनाई जा सकती, इसलिए समाज को अपने अधिकारों, सम्मान और अन्याय के खिलाफ संगठित होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि एकजुटता और लगातार संघर्ष के बिना किसी भी लड़ाई में जीत हासिल करना मुश्किल है।







