एफएनएन, धमतरी : Dhamtari छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों 5 मवेशियों को भूखे-प्यासे हालत में ई-रिक्शा के अंदर ठूंसकर भानपुर की ओर ले जा रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो लोग ई-रिक्शा में मवेशियों को बेहद अमानवीय तरीके से भरकर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम इर्रा तालाब के पास घेराबंदी कर ई-रिक्शा को रोक लिया। मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया और उनके कब्जे से 5 मवेशियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद किए गए सभी मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मवेशी तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







