एफएनएन , देहरादून : पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में हुए हंगामे का मामला अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। कांग्रेस विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों के मंच पर हंगामा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटनाक्रम पर अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पूरे मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस के चाल, चरित्र और व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की इस तरह की तस्वीरें पहले भी कई जगहों पर सामने आती रही हैं। जौलजीबी मेले में जो कुछ हुआ, उसे पूरा उत्तराखंड देख रहा है।
2027 के चुनाव में जनता देगी जवाब: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मंच पर जिस तरह का घटनाक्रम हुआ, उससे कांग्रेस की खिसियाहट साफ दिखाई देती है। उन्होंने दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इस पूरे घटनाक्रम का जवाब देगी।
सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस को इस व्यवहार का राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा और उसे चुनाव के बाद विपक्ष में बैठकर इसका जवाब देना होगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हंगामे का वीडियो
दरअसल, जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों ने मंच पर पहुंचकर हंगामा किया था। इस दौरान विधायक और उनके समर्थक नारेबाजी करते नजर आए। पूरा घटनाक्रम पुलिस की मौजूदगी में हुआ।
वायरल वीडियो में विधायक हरीश धामी खुले मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखी टिप्पणी करते भी दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद से ही भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
मुख्यमंत्री के जाने के बाद मंच पर पहुंचे थे हरीश धामी
गौरतलब है कि एक दिन पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं की घोषणाएं करने के साथ मेले का शुभारंभ किया और स्थानीय लोगों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी मंच पर पहुंचे और नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। विधायक का आरोप था कि विपक्ष का विधायक होने के कारण उन्हें मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया।
उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी तीखी टिप्पणी की थी।
विधायक और समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मामले में जौलजीबी पुलिस विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है। मंच पर तोड़फोड़, अभद्रता और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की के आरोपों की जांच की जा रही है।
अब मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया के बाद यह विवाद और गरमा गया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जौलजीबी मेले का यह घटनाक्रम भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव को और तेज करता नजर आ रहा है।







