एफएनएन , पिथौरागढ़ : भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में मंच पर हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। कांग्रेस विधायक और मेला समिति के अध्यक्ष हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि मंच पर तोड़फोड़ के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई। मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद नाराज हुए विधायक
दरअसल, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों को संबोधित किया और फिर मंच से चले गए। इस दौरान धारचूला विधायक एवं मेला समिति अध्यक्ष हरीश धामी नाराज हो गए।
विधायक का आरोप था कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात नहीं सुनी और न ही उन्हें मंच से अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। इसी बात को लेकर हरीश धामी और उनके समर्थक मंच पर पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे।
मंच पर तोड़फोड़ और पुलिस से धक्का-मुक्की का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि विधायक और उनके समर्थकों ने इस दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मंच पर तोड़फोड़ की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के साथ धक्का-मुक्की की। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में किया प्रदर्शन
घटना के बाद देर शाम भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता जौलजीबी कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता धरने पर भी बैठ गए। उन्होंने मेला समिति के अध्यक्ष और धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी के साथ उनके समर्थकों राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू सहित अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
हालांकि, भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। इसके बाद जौलजीबी पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले में कार्रवाई की।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा, जांच शुरू
जौलजीबी कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, पुलिस ने कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले की जांच और विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल ने बताया कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







