एफएनएन, गाजियाबाद : Ghaziabad Factory जिले की मेसर्स रिन्यूवल एनर्जी कंपनी में देर रात बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में नई मशीन की टेस्टिंग के दौरान अचानक कंप्रेशर फट गया, जिससे वहां काम कर रहे तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में पानी ठंडा करने वाली मशीनें तैयार की जाती हैं। देर रात कर्मचारियों द्वारा नई मशीन की टेस्टिंग की जा रही थी। इसी दौरान मशीन का कंप्रेशर तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में इमरान, त्रिभुवन और बांके बिहारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान इमरान और त्रिभुवन की मौत हो गई। वहीं बांके बिहारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
मामले में अमित सक्सेना ने बताया कि विस्फोट बेहद भयावह था। हादसे में एक श्रमिक का हाथ शरीर से अलग हो गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





