एफएनएन , देहरादून : राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित तरला अधोईवाला में संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर में हिस्सेदारी और दीवार बनाने को लेकर हुए विवाद में एक मामा ने अपने बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने भांजे पर चाकू और खुखरी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भांजे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मामा, उसके बेटे और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
दीवार बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, चाकू-खुखरी से हमला
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से तरला अधोईवाला में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि नितिन कुमार और उसके परिवार का अपनी बहन गुड्डी और भांजे गौरव के साथ संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी दौरान दीवार बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि नितिन कुमार ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर गौरव पर चाकू और खुखरी से हमला कर दिया। हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान भांजे की मौत
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल गौरव को निजी वाहन से कोरोनेशन अस्पताल लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। इस घटना में रोहित उर्फ भोली और कमला देवी भी घायल हुए थे। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मां की मौत के बाद शुरू हुआ था संपत्ति को लेकर विवाद
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी नितिन कुमार ने बताया कि उसकी मां की मृत्यु के बाद अधोईवाला स्थित घर में एक कमरा उसकी बहन गुड्डी को दिया गया था। इसी हिस्सेदारी को लेकर उसका बहन और भांजे गौरव के साथ विवाद चल रहा था।
आरोप है कि 9 नवंबर को दीवार बनाने को लेकर दोबारा विवाद हुआ तो नितिन ने अपने बेटे रोहित और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर गौरव पर हमला कर दिया।
मामा, बेटा और पत्नी गिरफ्तार, हथियार बरामद
एसपी देहात जया बलूनी के अनुसार, एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन कुमार (44), उसके बेटे रोहित कुमार (21) और पत्नी कविता (40) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और एक खुखरी भी बरामद की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।







