एफएनएन, सिरसा : Sirsa हरियाणा के सिरसा में नहराना गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। तूड़े से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है।
तूड़े से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार
जानकारी के मुताबिक, टियागो कार भट्टू की ओर से नाथूसरी चौपटा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान जब कार नहराना गांव के पास पहुंची, तो सड़क पर चल रही बिना नंबर की तूड़े से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार संदीप और कुलदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, तीसरा युवक नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाते समय तीसरे युवक ने तोड़ा दम
हादसे के बाद घायल नरेश को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस तरह हादसे में कार सवार तीनों युवकों की जान चली गई।
ट्रैक्टर चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।







