03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Ghaziabad के मोदीनगर में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरा, एक मजदूर की मौत, पांच घायल; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

एफएनएन , गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सीकरी गांव में एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर डालते समय अचानक शटरिंग टूट गई, जिससे छत भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे के दौरान वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

सुबह करीब 9 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, मोदीनगर थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में सत्येंद्र नाम के व्यक्ति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार सुबह करीब 9 बजे मकान पर लेंटर डाला जा रहा था। इस दौरान लगभग सात मजदूर काम में लगे हुए थे। अचानक शटरिंग टूट गई और लेंटर नीचे गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से कई मजदूर मलबे में दब गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में मदद शुरू की।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू में जुटीं

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन, फायर विभाग, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। नगर पालिका की टीम भी राहत एवं बचाव अभियान में जुट गई। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पांच लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में एक मजदूर की मौत की पुष्टि हुई है।

मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका

डीसीपी ग्रामीण एसएन तिवारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9 बजे की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया गया। सत्येंद्र के मकान में लेंटर डालने के दौरान अचानक शटरिंग टूटने से यह हादसा हुआ।

उन्होंने बताया कि मलबे में दबे पांच लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मलबे में और कितने लोग फंसे हो सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा गया है।

विधायक मंजू सिवाच भी घटनास्थल पर पहुंचीं

हादसे की जानकारी मिलने पर मोदीनगर विधायक मंजू सिवाच भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।

विधायक ने कहा कि उनकी पूरी टीम घटनास्थल पर मौजूद है और प्रशासन के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। पीड़ित परिवारों के साथ वह खड़ी हैं और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img