एफएनएन , बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में भैया दूज से पहले हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। शाही-शेरगढ़ रोड पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
दिवाली का मेला देखने जा रहे थे तीनों दोस्त
शाही थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी के अनुसार, शाही थाना क्षेत्र के अमौर गांव निवासी दीपक, मनोज और योगेश मंगलवार रात एक ही बाइक पर सवार होकर बसावनपुर गांव में दिवाली का मेला देखने जा रहे थे।
तीनों खजुरिया चौराहे के पास हनुमान मंदिर के नजदीक पहुंचे थे, तभी उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक चला रहा दीपक हेलमेट नहीं पहने था और हाथ छोड़कर बाइक चला रहा था। इसी दौरान बाइक पर से उसका नियंत्रण हट गया और यह हादसा हो गया।
टक्कर के बाद खाई में जा गिरे तीनों युवक
बिजली के खंभे से बाइक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क किनारे बनी खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही 24 वर्षीय दीपक और 23 वर्षीय मनोज की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल योगेश को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।
परिवार का सहारा था दीपक, बहन को था भाई का इंतजार
हादसे में जान गंवाने वाला दीपक अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। वह दिल्ली में मजदूरी करके परिवार की आर्थिक मदद करता था और पिता का सहारा बना हुआ था। भैया दूज के त्योहार पर उसकी बहन को भाई के घर लौटने का इंतजार था, लेकिन त्योहार से पहले उसकी मौत की खबर पहुंच गई।
दीपक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
मनोज ने हाल ही में शुरू किया था अपना काम
हादसे में जान गंवाने वाले दूसरे युवक मनोज ने हाल ही में ऑप्टिकल का कोर्स पूरा किया था और अपना काम शुरू किया था। वहीं, घायल योगेश ने बीटेक की पढ़ाई पूरी कर ली थी और नौकरी की तैयारी कर रहा था। तीनों दोस्तों के साथ हुए इस हादसे ने उनके परिवारों और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
12 दिनों में पांच लोगों की मौत से बढ़ी चिंता
शाही क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसे भी चिंता का विषय बन गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पिछले महज 12 दिनों के भीतर सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे से संबंधित जानकारी जुटा रही है। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत और एक के गंभीर रूप से घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है।







