
एफएनएन, पंकज धीर का निधन:’महाभारत’ फेम अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। बुधवार सुबह उनके निधन की खबर ने सभी को हैरान कर दिया। उनके दोस्त फिरोज खान ने फैंस को उनके निधन की जानकारी दी है।

बी आर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। अमर उजाला से इस खबर की पुष्टि ‘महाभारत’ में ही अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने की। पंकज का निधन बुधवार (15 अक्तूबर) सुबह 11:30 बजे हुआ। फिलहाल उनके निधन की खबर सुनकर हर कोई हैरान है। उनका अंतिम संस्कार शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा।
इस खबर के सामने आने के बाद इंडस्ट्री के दोस्त और फैंस गहरे सदमे में है। महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले और पंकज के सह अभिनेता रहे फिरोज खान ने अमर उजाला से खास बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘हां, यह सच है कि वे अब इस दुनिया में नहीं रहे। व्यक्तिगत रूप से, मैंने एक बहुत ही अच्छे दोस्त को खो दिया है। वह बेहद अच्छे इंसान थे। मैं अभी भी सदमे में हूँ और मुझे नहीं पता क्या कहना चाहिए। वह वाकई में एक अद्भुत व्यक्ति थे… फिलहाल मैं और अधिक कुछ नहीं कह सकता।’
पंकज धीर के निधन के कुछ घंटे पहले उनके बेटे और अभिनेता निकितिन धीर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जो अब चर्चाओं में बना हुआ है। दरअसल निकितिन ने भगवान शिव की एक तस्वीर जारी की जिसमें लिखा हुआ था- ‘जो भी आ रहा है। उसे आने दो, जो रहता है उसे रहने दो, जो जाता है जाने दो और भगवान शिव का भक्त होने के नाते आगे बढ़ो ( बहुत मुश्किल है ऐसा करना )’
