एफएनएन, देहरादून : Dehradun पटेल नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार को एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में दो इंजीनियर बेहोशी की हालत में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जनरेटर रूम में मिले दोनों इंजीनियर
मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह, निवासी हरिद्वार और 26 वर्षीय लवकुश, पुत्र रामसागर, निवासी फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम देखते थे।
रात में तकनीकी खराबी की जांच करने गए थे
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे कंपनी में तकनीकी समस्या आई थी। इसके बाद दोनों इंजीनियर समस्या की जांच के लिए जनरेटर रूम में गए थे। बुधवार सुबह कंपनी के गार्ड ने दोनों को कमरे में अचेत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी।
जनरेटर गैस से दम घुटने की आशंका
पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने से दोनों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








