एफएनएन , अल्मोड़ा : रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर मॉलरोड स्थित चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे देर रात एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कार में सवार छह लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी लोग समय रहते वाहन से बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
हरियाणा के करनाल से रानीखेत आ रहे थे छह लोग
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के करनाल निवासी छह लोग कार संख्या HR 05BJ 7012 से रानीखेत की ओर आ रहे थे। देर रात उनकी कार रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर मॉलरोड स्थित चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंची थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई।
शुरुआत में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी और पूरी कार धुएं व आग की लपटों से घिर गई। अचानक लगी आग से कार सवार लोग घबरा गए, लेकिन उन्होंने तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की टीम
घटना के बाद कार सवार लोगों ने पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही रानीखेत अग्निशमन केंद्र की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी और उसे काफी नुकसान पहुंचा था।
अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रानीखेत गणेश चंद्र ने बताया कि वाहन में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया था। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तेजी से कार्रवाई करते हुए आग बुझाई।
उन्होंने बताया कि रेस्क्यू अभियान में अग्निशमन कर्मी नरेश जोशी, संदीप सिंह, महिपाल सिंह और रमेश सिंह शामिल रहे। हादसे में कार सवार सभी छह लोग सुरक्षित हैं। समय रहते उनके वाहन से बाहर निकलने और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग लगने से कार को भारी नुकसान पहुंचा है।








