एफएनएन, इस्लामाबाद : Pakistan ने रविवार को अफगानिस्तान से सटी सीमा पर बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए हवाई और जमीनी कार्रवाई की। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस अभियान में 29 लोगों की मौत हुई। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि हाल के आतंकी हमलों के जवाब में यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने बताया कि सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के ठिकानों पर हुए हालिया आतंकी हमलों के बाद सीमा क्षेत्र में सुनियोजित ऑपरेशन चलाया। उनका दावा है कि अभियान का उद्देश्य आतंकवादी नेटवर्क को निशाना बनाना था।
इससे पहले शनिवार रात कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर स्थित पाकिस्तान सिंध रेंजर्स के प्रांतीय मुख्यालय पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन रेंजर्स जवान और तीन हमलावर मारे गए। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने विस्फोटकों से भरे वाहन से मुख्य गेट को टक्कर मारी, जिसके बाद भारी गोलीबारी हुई।
घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया और विशेष सुरक्षा इकाइयों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। एक घायल जवान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े संगठन जमात-उल-अहरार ने ली है। संगठन का दावा है कि हमले में नौ हमलावर शामिल थे। हाल के दिनों में पाकिस्तान में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।






