एफएनएन, इस्लामाबाद : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार सुबह एक बड़े सरकारी अस्पताल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में लगी। शुरुआती रिपोर्टों में कम से कम 15 नवजात शिशुओं की मौत की बात सामने आई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, जिस वार्ड में आग लगी, वहां करीब 15 बच्चे मौजूद थे। PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने बताया कि संभव है कि कुछ बच्चों को रात के समय अस्पताल से छुट्टी दे दी गई हो। ऐसे में घटना में कितने नवजात प्रभावित हुए हैं, इसकी अंतिम संख्या जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब 7 बजे लगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दमकल विभाग की छह गाड़ियां और चार एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग बुझने के बाद अस्पताल के प्रभावित हिस्से में कूलिंग का काम किया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की किसी भी संभावना को खत्म किया जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।
हादसे के बाद आग के वास्तविक कारणों और नुकसान का पता लगाने के लिए जांच समिति गठित की गई है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि आग के दौरान अस्पताल में सुरक्षा और बचाव के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे या नहीं।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल नवजातों की मौत की वास्तविक संख्या को लेकर है। आधिकारिक जांच और अस्पताल प्रशासन की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हादसे में हुए कुल नुकसान की स्थिति साफ हो पाएगी।







