



एफएनएन, रुद्रप्रयाग : रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरोबगड़ एक बार फिर चुनौती बन गया है। धारी देवी मंदिर के समीप पहाड़ी से अचानक बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर हाईवे पर आ गिरे। कुछ ही देर में सड़क पूरी तरह मलबे से पट गई, जिसके चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और बड़ी संख्या में यात्री हाईवे पर फंस गए।
सिरोबगड़ में बारिश के दौरान हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। पहाड़ी से मलबे और बड़े बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। हाईवे को खोलने के लिए एनएच विभाग की मशीनें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में जुटी हैं, लेकिन ऊपर से लगातार गिर रहे मलबे के कारण सड़क साफ करने का काम प्रभावित हो रहा है।
सिरोबगड़ की समस्या नई नहीं है। करीब तीन दशक से बरसात के दौरान यह क्षेत्र बदरीनाथ हाईवे के लिए चुनौती बना हुआ है। बारिश तेज होते ही पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने का सिलसिला शुरू हो जाता है और हाईवे बार-बार बंद हो जाता है।
हर बार एनएच विभाग की मशीनें मौके पर पहुंचती हैं, मलबा हटाया जाता है और यातायात बहाल कराया जाता है। लेकिन बारिश दोबारा शुरू होते ही स्थिति फिर बिगड़ जाती है। ऐसे में सिरोबगड़ के स्थायी समाधान को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
बदरीनाथ हाईवे चारधाम यात्रा के प्रमुख मार्गों में शामिल है। ऐसे में सिरोबगड़ पर सड़क बंद होने से यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय तक हाईवे बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग रही हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि एनएच विभाग की मशीनें मौके पर मलबा हटाने के काम में जुटी हैं। फिलहाल हाईवे खोलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, पहाड़ी से मलबा गिरने के खतरे के बीच सड़क खोलने का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। यात्रियों की नजर अब हाईवे के दोबारा खुलने पर टिकी है।
Hot this week
Free News - Where voices unite, stories flourish, and community thrives through open dialogue and meaningful connections.
Get important news delivered directly to your inbox and stay connected!
© 2026, Front News Network
Website Developed & Maintained by News Portal Hub
All content and news on this website are published solely by the website owner. News Portal Hub assumes no responsibility for its content.


