एफएनएन, लक्सर/उत्तराखंड : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के खानपुर क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। शादी के महज सात दिन बाद नवविवाहित अंकित की सड़क हादसे में मौत हो गई। दूल्हे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है, वहीं नवविवाहिता का सुहाग उजड़ने से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, लक्सर के पास खानपुर निवासी नरेंद्र के बेटे अंकित की शादी 20 नवंबर को हुई थी। परिवार में शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि 25 नवंबर को एक दर्दनाक हादसा हो गया। विकासखंड कार्यालय खानपुर के सामने किसी अज्ञात वाहन ने अंकित को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल अंकित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद से ही अंकित जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था।
सात दिन में उजड़ गई शादी की खुशियां
दो दिनों तक अस्पताल में उपचार के दौरान जिंदगी की जंग लड़ने के बाद शुक्रवार, 27 नवंबर को अंकित ने दम तोड़ दिया। नवविवाहित युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी के गीत गूंज रहे थे, वहां अब अपनों को खोने का दर्द है।
ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर लगाया जाम
अंकित की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने खानपुर में स्टेट हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस के आश्वासन पर खुला जाम
घटना की सूचना मिलते ही खानपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो सका।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे खानपुर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज सात दिन बाद अंकित की मौत से परिवार की खुशियां हमेशा के लिए मातम में बदल गईं। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।








