एफएनएन , रामनगर : उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से वन्यजीवों के व्यवहार से जुड़ा एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है। यहां झिरना पर्यटन जोन में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को करीब डेढ़ साल की उम्र का एक बाघ का शावक अलग ही अंदाज में दिखाई दिया। शावक अपने मुंह में धान की पराली दबाकर जंगल में घूमता और उसके साथ खेलता नजर आया। पर्यटकों ने इस अनोखे नजारे को अपने कैमरों में कैद कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
मुंह में पराली लेकर जंगल में घूमता दिखा शावक
कॉर्बेट के झिरना जोन में सफारी कर रहे पर्यटकों को बाघ के शावक की यह अजीबोगरीब गतिविधि देखने को मिली। वीडियो में शावक मुंह में घास और पराली का गुच्छा दबाए जंगल के रास्ते पर चलता दिखाई दे रहा है। उसका यह अंदाज देखकर पर्यटक भी हैरान रह गए।
आमतौर पर बाघ को मांसाहारी वन्यजीव के रूप में जाना जाता है, ऐसे में उसके मुंह में पराली देखकर कई तरह के सवाल उठने लगे। हालांकि, वन्यजीव विशेषज्ञों और जानकारों के मुताबिक इसके पीछे शावक का स्वाभाविक व्यवहार और खेल-कूद भी एक वजह हो सकता है।
शिकार के दौरान घास में गिरा हो सकता है मांस का टुकड़ा
प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर दीप रजवार के अनुसार बाघ पूरी तरह मांसाहारी जीव है। ऐसे में शावक के पराली को भोजन समझकर उठाने की संभावना कम दिखाई देती है। उन्होंने संभावना जताई कि शिकार के दौरान आसपास की घास पर खून के छींटे या मांस के छोटे टुकड़े गिर गए होंगे। ऐसे में शावक उन्हें अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा हो सकता है।
दीप रजवार के मुताबिक लगभग डेढ़ साल की उम्र में बाघ के शावकों में अकेले रहने की प्रवृत्ति विकसित होने लगती है। वे धीरे-धीरे मां से अलग होकर खुद शिकार करने की दिशा में आगे बढ़ते हैं। कई बार भोजन को दूसरे शावकों से दूर ले जाने की कोशिश भी करते हैं। ऐसे में संभव है कि यह शावक खेलते हुए पराली को मुंह में दबाकर किसी सुरक्षित स्थान की ओर ले जा रहा हो।
सब-एडल्ट अवस्था में जंगल के तौर-तरीके सीखते हैं शावक
इस मामले में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के पार्क वार्डन बिंदरपाल ने बताया कि झिरना पर्यटन जोन में पर्यटकों ने इस वीडियो को रिकॉर्ड किया है। वीडियो में दिखाई दे रहा बाघ अभी पूरी तरह वयस्क नहीं हुआ है, बल्कि वह सब-एडल्ट आयु वर्ग में है।
उन्होंने बताया कि इस उम्र में बाघ के शावक जंगल में जीवित रहने के लिए जरूरी गतिविधियां सीखते हैं। वे अपनी मां से शिकार करने, खुद की सुरक्षा करने और जंगल के वातावरण में रहने के तरीके समझते हैं। धीरे-धीरे वे इन्हीं गतिविधियों को खुद करने का प्रयास भी करते हैं।
खेल-कूद के जरिए शिकार और सुरक्षा की सीख
पार्क वार्डन बिंदरपाल के अनुसार शावक कई बार इन गतिविधियों को खेल की तरह करते हुए नजर आते हैं। मुंह में घास या पराली लेकर घूमना भी उनके खेल-कूद और सीखने की प्रक्रिया से जुड़ा व्यवहार हो सकता है।
फिलहाल कॉर्बेट के झिरना जोन से सामने आया यह वीडियो वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह नजारा एक बार फिर दिखाता है कि जंगल में बाघों का व्यवहार कितना रोचक और विविध होता है। छोटी उम्र से ही शावक खेल और अभ्यास के जरिए जंगल में स्वतंत्र जीवन जीने की तैयारी करने लगते हैं।







