एफएनएन , देहरादून : उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार ने निर्यात बढ़ाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को देहरादून में मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) को लेकर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में उद्यमियों को विदेशी बाजारों में कारोबार के अवसरों और निर्यात से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई।
आठ वर्षों में उत्तराखंड के निर्यात में बढ़ोतरी
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में एमएसएमई और निर्यात क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के निर्यात में बीते वर्षों के दौरान बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मंत्री के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2017-18 में प्रदेश का कुल निर्यात 10,836 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि भारत के ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों से भारतीय उत्पादों को विदेशी बाजारों में कम या शून्य सीमा शुल्क पर पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने प्रदेश के उद्यमियों से इन समझौतों का लाभ उठाने और अपने उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उपलब्ध कराने की अपील की।
70 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी
भरत सिंह चौधरी ने बताया कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए ‘इन्वेस्ट उत्तराखंड’ सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि नीति आयोग के ‘एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024’ और ‘इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026’ में उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।
पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में बनेंगे औद्योगिक पार्क
प्रदेश में उद्योगों के विस्तार और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला औद्योगिक परिसर का निर्माण किया जा रहा है। सेलाकुई और पंतनगर में भी इस तरह के औद्योगिक परिसर विकसित करने की योजना है।
किच्छा के खुरपिया में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बनाने की योजना है। वहीं, हरिद्वार में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और बनबसा में लैंड कस्टम स्टेशन विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘हिमाद्री’ ब्रांड को मिलेगा बढ़ावा
कार्यशाला में उत्तराखंड के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘हिमाद्री’ जैसे ब्रांडों के माध्यम से प्रदेश के हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज यानी श्री अन्न और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्तमान में उत्तराखंड से दवाइयों, इंजीनियरिंग उत्पादों, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक एवं हर्बल उत्पादों और हस्तशिल्प का निर्यात प्रमुखता से किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और गुणवत्ता को मजबूत कर उन्हें विदेशी बाजारों में अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उद्यमियों को FTA और निर्यात नियमों की दी गई जानकारी
कार्यशाला में भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित वर्मा और अपर महानिदेशक विदेश व्यापार निखिल वर्मा ने उद्यमियों को मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
विशेषज्ञों ने उत्पादों के मूल देश से संबंधित नियमों (Rules of Origin), सीमा शुल्क में मिलने वाली छूट और निर्यात संवर्धन मिशन के बारे में विस्तार से समझाया। इसके साथ ही ‘जिलों को निर्यात केंद्र’ (Districts as Export Hubs) बनाने की पहल पर भी चर्चा की गई।
कार्यशाला के जरिए उद्यमियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि मुक्त व्यापार समझौतों का सही इस्तेमाल कर वे अपने कारोबार का विस्तार कर सकते हैं और उत्तराखंड के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिला सकते हैं।








