एफएनएन , देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जमीनों से जुड़े विवाद अब एक गंभीर समस्या बनते जा रहे हैं। जमीनों की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मालिकाना हक जताने और विवादित संपत्तियों पर कब्जे के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब इस तरह के मामलों का असर वन क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। वन भूमि को निजी संपत्ति बताकर बेचने और उस पर अवैध कब्जे की शिकायतों ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि कई शिकायतें मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच रही हैं।
वन भूमि को निजी संपत्ति बताकर बेचने के आरोप
देहरादून में तेजी से बढ़ते शहरीकरण और जमीनों की बढ़ती कीमतों के बीच सरकारी जमीनों पर कब्जे के मामले भी सामने आ रहे हैं। कुछ मामलों में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर वन भूमि पर मालिकाना हक जताने और उसे निजी जमीन बताकर बेचने की शिकायतें मिली हैं। ऐसे मामलों में जमीन की वास्तविक स्थिति का पता लगाना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है।
वन विभाग को इन शिकायतों पर कार्रवाई करने के साथ ही राजस्व रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच भी करनी पड़ती है। कई बार जमीन के स्वामित्व को लेकर अलग-अलग दावे सामने आने से कार्रवाई की प्रक्रिया भी जटिल हो जाती है।
579.80 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण दर्ज
वन भूमि पर कब्जे की समस्या कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा विभागीय आंकड़ों से लगाया जा सकता है। वन विभाग की ओर से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) में पेश की गई जानकारी के मुताबिक, मार्च 2024 तक देहरादून वन प्रभाग में करीब 579.80 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण दर्ज किया गया था।
वहीं, जून 2023 से चलाए गए अभियान के तहत विभाग ने 5.72 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था। हालांकि, इतने बड़े क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति विभाग के सामने लगातार चुनौती बनी हुई है।
लैंड फ्रॉड के 56 मामलों की हुई समीक्षा
दूसरी ओर, गढ़वाल मंडल में जमीनों से जुड़े फर्जीवाड़े के मामलों पर भी प्रशासन की नजर है। सितंबर 2026 में आयोजित लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की बैठक में कुल 56 मामलों की समीक्षा की गई थी। बैठक में आठ मामलों में एफआईआर दर्ज कराने, एक मामले की एसआईटी से जांच कराने और 12 मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा शेष 35 मामलों में जांच जारी रखने को कहा गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जमीनों से जुड़े विवादों का दायरा लगातार बढ़ रहा है और इनके निस्तारण के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस और वन विभाग के सामने समन्वय की चुनौती
वन विभाग के सामने अब चुनौती केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं है। वन भूमि के पुराने रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, जमीनों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और फर्जी दस्तावेजों के सहारे मालिकाना हक जताने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना भी जरूरी हो गया है।
ऐसे मामलों में पुलिस, राजस्व विभाग और वन विभाग के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत है, ताकि जमीनों के फर्जीवाड़े पर समय रहते रोक लगाई जा सके और सरकारी संपत्तियों को सुरक्षित रखा जा सके।
DFO वैभव सिंह ने लोगों को किया सतर्क
देहरादून के डीएफओ वैभव सिंह का कहना है कि वन क्षेत्रों में गलत जानकारी देकर जमीन बेचने के माध्यम से धोखाधड़ी की जा रही है। ऐसे में लोगों को जमीन खरीदने से पहले उसकी वास्तविक स्थिति और दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस तरह के मामले समय के साथ बढ़े हैं और विभाग की ओर से इनका समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में जमीन खरीदने वाले लोगों के लिए भी सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है, ताकि वे किसी फर्जीवाड़े का शिकार न बनें।








