एफएनएन, देहरादून : Uttarakhand में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर लगातार कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत अगले 10 दिनों में करीब सात से आठ विधानसभा क्षेत्रों में क्रमवार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले चरण के कार्यक्रम पूरे होने के बाद दूसरे चरण के लिए भी आठ अन्य विधानसभा सीटों का चयन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि पार्टी ने फिलहाल कुछ विधानसभा क्षेत्रों को कार्यक्रमों के लिए चिह्नित किया है। इनमें काशीपुर, सितारगंज, चौबट्टाखाल, लक्सर और सोमेश्वर सहित अन्य सीटें शामिल हैं। इन कार्यक्रमों को लेकर जल्द ही आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी।
अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में नेताओं को मिलेगी जिम्मेदारी
गणेश गोदियाल ने बताया कि कांग्रेस ने विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अलग रणनीति तैयार की है। इसके तहत अलग-अलग नेताओं को विभिन्न क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। एक दिन किसी नेता का कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि अगले दिन दूसरे नेता को जिम्मेदारी दी जाएगी। इस तरह प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर लगातार पार्टी के कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में चयनित सात से आठ विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम पूरे होने के बाद अगले 10 दिनों में दूसरे चरण के लिए अन्य आठ सीटें तय की जाएंगी। पार्टी स्तर पर इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
13 दिसंबर को देहरादून में होगा कांग्रेस का अधिवेशन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि आगामी 13 दिसंबर को देहरादून में पार्टी का अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सदस्य, जिला कांग्रेस कमेटियों के सदस्य और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी शामिल होंगे। अधिवेशन के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों के साथ कार्यक्रम की तैयारी
कांग्रेस विजय दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिकों के साथ भी विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। यह कार्यक्रम देहरादून या कोटद्वार में आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक कार्यक्रम के लिए स्थान निर्धारित नहीं किया गया है। पार्टी जल्द ही इस संबंध में अंतिम निर्णय लेगी।
जन आशीर्वाद यात्रा पर गणेश गोदियाल का भाजपा पर निशाना
इस दौरान गणेश गोदियाल ने भाजपा की प्रस्तावित जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यात्रा निकालने से भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिलता है या कुछ और, इसका जवाब उन क्षेत्रों की जनता खुद देगी, जहां भाजपा के नेता पहुंचेंगे।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा जिन क्षेत्रों में जाएगी, वहां के लोग खुद बता देंगे कि पार्टी किस चीज की हकदार है। कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ती राजनीतिक बयानबाजी के तौर पर देखा जा रहा है।








