03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Uttarakhand में आपदा प्रबंधन को लेकर CM धामी की 4 बड़ी घोषणाएं, शिक्षकों से लेकर पूर्व सैनिकों तक को मिलेगी ट्रेनिंग

एफएनएन , देहरादून : उत्तराखंड में आपदाओं से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने और आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर चार महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। अब पूर्व सैनिकों, पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त जवानों के साथ शिक्षकों को भी आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अलावा आवासीय भवनों में आग लगने की घटनाओं को आपदा की श्रेणी में शामिल कर प्रभावितों को राहत देने का निर्णय लिया गया है।

शुक्रवार को देहरादून स्थित सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 का विमोचन भी किया।

पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त जवानों को मिलेगी आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ये लोग आम जनता को आपदाओं से बचाव के तरीके बताएंगे और जरूरत पड़ने पर जागरूकता अभियान में सहयोग करेंगे।

सरकार का उद्देश्य ऐसे अनुभवी लोगों की मदद से स्थानीय स्तर पर आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है।

शिक्षण संस्थानों में तैयार होंगे आपदा मित्र

आपदा प्रबंधन से विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को प्रशिक्षित किया जाएगा।

प्रशिक्षित शिक्षकों को आपदा मित्र या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में तैयार किया जाएगा। ये शिक्षक विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में सही कदम उठाने की जानकारी देंगे।

घरों में आग लगने की घटनाओं पर भी मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री की एक महत्वपूर्ण घोषणा आवासीय भवनों में आग लगने की घटनाओं को लेकर रही। अब किसी भी प्रकार की दुर्घटना के कारण आवासीय भवन में आग लगने की घटना को आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा।

ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के निर्धारित मानकों के अनुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस फैसले से घरों में आग लगने की घटनाओं में नुकसान उठाने वाले परिवारों को सरकारी सहायता मिलने का रास्ता आसान होगा।

राहत और बचाव कार्य करने वाले नागरिकों को किया जाएगा सम्मानित

सीएम धामी ने आपदा और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान बिना किसी स्वार्थ के राहत एवं बचाव कार्यों में मदद करने वाले लोगों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की। सरकार का मानना है कि ऐसे नागरिकों का प्रोत्साहन दूसरे लोगों को भी संकट के समय आगे आकर मदद करने के लिए प्रेरित करेगा।

सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को किया याद

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के बचाव अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दीपावली के दिन सुरंग में हुए हादसे के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने आपसी तालमेल के साथ बचाव अभियान चलाया। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों ने भी इस अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

सीएम के अनुसार, बचाव अभियान के दौरान कई तकनीकी मुश्किलें आईं। श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए एक साथ कई वैकल्पिक तरीकों पर काम किया गया और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली गई। करीब 17 दिनों तक चले प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों की मेहनत, बाबा बौखनाग के आशीर्वाद और केंद्र एवं राज्य सरकार की एजेंसियों के बेहतर समन्वय को दिया।

आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और राज्य को समय-समय पर विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में केवल आपदा आने के बाद राहत पहुंचाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पहले से तैयारी करना और आम लोगों को जागरूक बनाना भी जरूरी है।

उन्होंने भूकंप की दृष्टि से उत्तराखंड की संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप से बचाव के लिए भी नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर जोर दिया। सीएम ने कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए, ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।

सरकार की इन पहलों का उद्देश्य प्रदेश में आपदा प्रबंधन को केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों, शिक्षण संस्थानों और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भागीदारी से मजबूत बनाना है।

Hot this week

Corbett के झिरना जोन में दिखा बाघ का अनोखा अंदाज, मुंह में पराली दबाकर घूमता नजर आया शावक

एफएनएन , रामनगर : उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img