एफएनएन, उत्तराखंड : hyderabad में एक कारोबारी के घर से करीब 5 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी कर नेपाल भागने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में दो महिलाएं और एक युवक शामिल हैं, जो नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, तेलंगाना पुलिस को इन आरोपियों के उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की सूचना मिली थी। इसके बाद तेलंगाना के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति से संपर्क कर अलर्ट जारी किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने रुद्रपुर और सीमा क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
जांच के दौरान पता चला कि संदिग्ध एक रोडवेज बस से सफर कर रहे हैं। पुलिस टीम ने बस का पीछा किया और उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र में बस को रुकवाकर तलाशी ली। इस दौरान तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण बरामद हुए हैं। बरामद ज्वेलरी की कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। चूंकि गिरफ्तारी और बरामदगी उत्तर प्रदेश सीमा में हुई, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई वहां की पुलिस द्वारा की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हैदराबाद के गच्चीबाउली इलाके में रहने वाले एक बड़े कारोबारी के घर में काम करने वाले नेपाली मूल के दंपति पर चोरी का शक था। कारोबारी के परिवार के बाहर जाने के दौरान घर से बड़ी मात्रा में गहने गायब हो गए थे, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
लगातार जांच और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के चलते पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी के सामान को नेपाल ले जाकर क्या योजना बनाई गई थी।
तेलंगाना पुलिस इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए करेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आरोपी नेपाल सीमा पार कर सकते थे, जिससे जांच और कानूनी प्रक्रिया और जटिल हो जाती।







