एफएनएन , हरिद्वार : Haridwar जिले के लक्सर में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम की गाड़ी को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गश्त के दौरान रात करीब 11 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे लक्सर कोतवाली की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिस की गाड़ी से जा टकराया। टक्कर लगते ही पुलिस वाहन ट्रक के साथ काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
ट्रैक्टर की मदद से अलग किए गए दोनों वाहन
हादसा इतना भीषण था कि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पुलिसकर्मी अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से दोनों वाहनों को अलग कराया। इसके बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला गया।
घटना के समय पुलिस वाहन में एसएसआई राजेश बिष्ट, चालक कपिल देव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और होमगार्ड मनोज कुमार मौजूद थे।
एसएसआई राजेश बिष्ट के पैर में गंभीर चोट
हादसे में एसएसआई राजेश बिष्ट के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी सक्रिय हो गए। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
लक्सर-रायसी मार्ग पर भी हुआ था भीषण सड़क हादसा
गौरतलब है कि लक्सर क्षेत्र में बीते दिनों भी तेज रफ्तार के चलते बड़ा सड़क हादसा हुआ था। लक्सर-रायसी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना में एक महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायल महिला को उपचार के लिए लक्सर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि अन्य पांच घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था। हादसे में दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ते खतरे को लेकर चिंता बढ़ा दी है।








