एफएनएन , हरिद्वार : Haridwar के ज्वालापुर क्षेत्र के सुभाषनगर में मामूली विवाद को लेकर फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने अपने पूर्व कर्मचारी के घर पहुंचकर साथियों के साथ ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। दो लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे आरोपियों की इस हरकत से इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रॉपर्टी डीलर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से राइफल, पंप एक्शन गन, देसी पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पूर्व कर्मचारी से विवाद के बाद घर पहुंचकर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, सुभाषनगर निवासी निशांत यादव कुछ समय पहले तक प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी के कार्यालय में काम करता था। इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते गुड्डू चौधरी अपने साथियों के साथ दो गाड़ियों में सवार होकर निशांत यादव के घर पहुंचा। यहां आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने दबोचे चार आरोपी
आरोपियों की तलाश में कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
इसी क्रम में बाजार चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान की टीम को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने बुग्गावाला क्षेत्र में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू चौधरी निवासी शिवालिकनगर, मनोज कुमार निवासी बिटावड़ा थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर, सोनू उर्फ हरेंद्र चौधरी निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी कोतवाली रानीपुर और संदीप उर्फ मोनू निवासी चंदनहेड़ी ख्वाजापुर थाना छपरौली जिला बागपत के रूप में हुई है।
राइफल, पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियारों का जखीरा बरामद किया है। इसमें 315 बोर की राइफल, 12 बोर की पंप एक्शन गन, 32 बोर की देसी पिस्टल, मैगजीन और बड़ी संख्या में कारतूस शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों और कारतूसों की संख्या को देखते हुए मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जमीन के कारोबार को लेकर पहले भी विवादों में रहा गुड्डू
पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी का जमीन के कारोबार को लेकर पहले भी विवादों से नाता रहा है। रानीपुर से लेकर सिडकुल क्षेत्र तक उसके खिलाफ कई शिकायतें लंबित होने की जानकारी सामने आई है।
सुभाषनगर में हुई ताजा फायरिंग की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में जमीन के कारोबार से जुड़े विवादों और दबंगई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल उमेद सिंह, सत्येंद्र सिंह, नवीन छेत्री, हुकुम सिंह, रवि चौहान और संदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।








