एफएनएन, देहरादून : उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और जेनी उर्फ इंदिरा देवी से जुड़े विवाद में लगातार नए बयान सामने आ रहे हैं। हरक सिंह रावत की टिप्पणी के बाद अब पूर्व विधायक विजय बड़थ्वाल ने भी पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हरक सिंह रावत और जेनी से किसी भी तरह का व्यक्तिगत संबंध या लेन-देन होने से इनकार किया है। वहीं, आजाद समाज पार्टी के नेता योगेंद्र चौहान ने दावा किया है कि जेनी ने खुद उनसे कहा था कि उनका बेटा हरक सिंह रावत का नहीं है। दूसरी ओर, जेनी ने वीडियो जारी कर चौहान के सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
विजय बड़थ्वाल बोलीं- हरक और जेनी से मेरा कोई लेना-देना नहीं
जेनी प्रकरण में अपना नाम सामने आने के बाद पूर्व विधायक विजय बड़थ्वाल ने सोमवार को मीडिया के सामने बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि उनका न तो हरक सिंह रावत से कोई व्यक्तिगत लेन-देन है और न ही जेनी से कोई संबंध है। उन्होंने इस पूरे मामले में हो रही राजनीति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग की।
विजय बड़थ्वाल ने हरक सिंह रावत की ओर से उन पर और आशा नौटियाल पर जेनी को उनके खिलाफ उकसाने के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत जैसे जिम्मेदार नेता की ओर से इस तरह की टिप्पणी करना निंदनीय है। यदि हरक को लगता है कि उन्होंने उनकी मानहानि की है या उनकी छवि खराब की है, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से बताना चाहिए कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया है।
जेनी से मिलने नारी निकेतन गई थी पांच सदस्यीय समिति
पूर्व विधायक ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि विधायक, मंत्री, विधानसभा उपाध्यक्ष और महिला आयोग अध्यक्ष जैसे पदों पर रहते हुए उनका राजनीतिक जीवन बेदाग रहा है।
उन्होंने बताया कि जब यह मामला पहली बार सामने आया था, उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और हरक सिंह रावत मंत्री थे। तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य ने काशी सिंह ऐरी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की थी। इस समिति में विजय बड़थ्वाल के अलावा अजय भट्ट, आशा नौटियाल और जिलाधिकारी भी शामिल थे।
बड़थ्वाल के अनुसार, समिति जेनी से मिलने नारी निकेतन पहुंची थी। वहां जेनी की आपबीती सुनकर समिति के सदस्यों की आंखें नम हो गई थीं। उन्होंने दावा किया कि समिति ने अपनी रिपोर्ट में जेनी की ओर से बताई गई बातों को हूबहू दर्ज किया था।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी और जेनी जैसी पीड़ित बेटियों के नाम पर राजनीतिक दलों को राजनीति नहीं करनी चाहिए। देवभूमि की राजनीति की गरिमा और शुचिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
योगेंद्र चौहान का दावा- जेनी ने खुद बताया था कि बच्चा हरक का नहीं
इस मामले में आजाद समाज पार्टी के नेता और पूर्व में हरक सिंह रावत की टीम में शामिल रहे योगेंद्र चौहान ने भी अपना पक्ष रखा है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि जेनी ने उनसे खुद कहा था कि उनका बच्चा हरक सिंह रावत का नहीं है।
योगेंद्र चौहान ने बताया कि वर्ष 2016 में जब जेनी ने हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए थे, तब वह उनसे मिलने दिल्ली गए थे। उनके मुताबिक, बातचीत के दौरान जेनी ने असम से निकलने के बाद गुजरात, बरेली और दिल्ली समेत कई जगह रहने और इस दौरान अन्य लोगों के साथ संबंध होने की बात कही थी।
एक करोड़ रुपये और फ्लैट मांगने का भी लगाया आरोप
योगेंद्र चौहान ने दावा किया कि उस समय जेनी ने हरक सिंह रावत से एक करोड़ रुपये और एक फ्लैट की मांग की थी। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2003 में मामला सामने आने के बाद सीबीआई जांच और डीएनए टेस्ट हुआ था, जिसमें हरक सिंह रावत को क्लीन चिट मिलने और बच्चे का उनसे संबंध नहीं पाए जाने की बात सामने आई थी।
हालांकि, ये सभी बातें योगेंद्र चौहान के दावे हैं। उन्होंने अपने बयानों को सही साबित करने के लिए जेनी को मीडिया के सामने संयुक्त रूप से नार्को टेस्ट कराने की चुनौती भी दी है।
जेनी ने वीडियो जारी कर योगेंद्र चौहान के आरोपों को नकारा
योगेंद्र चौहान के बयान सामने आने के बाद जेनी उर्फ इंदिरा देवी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने चौहान के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। जेनी ने कहा कि वह योगेंद्र चौहान को पहले से नहीं जानती थीं, बल्कि वह खुद उन्हें तलाशते हुए उनके घर पहुंचे थे।
जेनी ने आरोप लगाया कि योगेंद्र चौहान हरक सिंह रावत की ओर से मध्यस्थ बनकर उनके पास आए थे। उन्होंने दावा किया कि केस वापस लेने के लिए योगेंद्र उनके घर पर हाथ-पैर जोड़कर मिन्नतें करते थे।
एक करोड़ रुपये और मकान की मांग किए जाने के आरोपों पर जेनी ने कहा कि ये सभी बातें मनगढ़ंत हैं। उन्होंने योगेंद्र चौहान को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपनी छोटी बेटी की कसम खाकर बताएं कि क्या उन्होंने कभी उनसे इस तरह की कोई मांग की थी। डीएनए जांच से जुड़े सवालों पर भी उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।
जेनी का आरोप- घर और आश्रम पर भेजे गए 10-12 लोग
अपने वीडियो में जेनी ने दबाव बनाने और धमकियां दिए जाने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि बातचीत के नाम पर उनके घर आने वाले लोगों की आवाजाही नोएडा स्थित उनके आवास के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है।
जेनी का आरोप है कि उन्हें डराने और दबाव बनाने के लिए उनके घर और आश्रम पर 10 से 12 लोगों को भेजा गया था। उन्होंने लगातार धमकियां मिलने की बात भी कही।
वीडियो के अंत में जेनी ने कहा कि उन्हें कहां-कहां ले जाया गया और किस तरह दबाव बनाने की कोशिश हुई, इससे जुड़े सभी तथ्य और सबूत वह सीबीआई जांच के दौरान एजेंसी को सौंपेंगी।
बयानों और आरोपों से लगातार गहराता जा रहा विवाद
हरक सिंह रावत से जुड़े इस मामले में अब अलग-अलग राजनीतिक चेहरों के बयान सामने आने लगे हैं। विजय बड़थ्वाल ने खुद को पूरे प्रकरण से अलग बताया है, जबकि योगेंद्र चौहान ने जेनी के पुराने बयानों का हवाला देते हुए नए दावे किए हैं। वहीं, जेनी ने इन आरोपों को नकारते हुए जांच एजेंसी के सामने सबूत पेश करने की बात कही है। ऐसे में अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।







