एफएनएन, देहरादून : 9 Years उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल की करीब 9 साल बाद अपने वतन वापसी होने जा रही है। रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए इंद्रमणि एक सड़क हादसे के बाद कानूनी मामले में फंस गए थे और लंबे समय तक वहां की जेल में बंद रहे। उनकी रिहाई के लिए करीब 2 करोड़ 51 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम जुटाई गई। इस मुहिम में उत्तराखंड समेत देश-विदेश के कई लोगों ने आर्थिक सहयोग किया। अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने इंद्रमणि की रिहाई और घर वापसी की जानकारी साझा की है।
2018 में रोजगार के लिए गए थे सऊदी अरब
उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वे ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे। हालांकि, वर्ष 2019 में एक सड़क हादसे के बाद उनकी जिंदगी बदल गई। इस दुर्घटना में उनकी ओर से चलाए जा रहे ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई थी। कार में सवार पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया था।
हादसे के बाद मामला सऊदी अरब की अल-कुरैया (Qurayyah) कोर्ट में पहुंचा। कानूनी प्रक्रिया के चलते इंद्रमणि नौटियाल भारत वापस नहीं लौट सके और उन्हें जेल में रहना पड़ा।
रिहाई के लिए जमा करने थे करोड़ों रुपये
अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के मुताबिक, हादसे के समय जिस ट्रक को इंद्रमणि चला रहे थे, उसका इंश्योरेंस नहीं था। बताया गया कि इंद्रमणि ने ट्रक मालिक से बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने से इनकार किया था, लेकिन कथित तौर पर मालिक ने उन्हें ट्रक लेकर जाने के लिए मजबूर किया। इस मामले में ट्रक मालिक की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठे थे।
कोर्ट के फैसले के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को मुआवजे के तौर पर करीब 9 लाख सऊदी रियाल जमा करने थे। भारतीय मुद्रा में यह रकम करोड़ों रुपये थी। इतनी बड़ी धनराशि जमा करना इंद्रमणि के परिवार के लिए संभव नहीं था। ऐसे में उनकी बेटी दीपिका नौटियाल और अन्य परिजनों ने मदद की अपील की।
क्राउड फंडिंग से जुटाए गए 2.51 करोड़ रुपये
इंद्रमणि की रिहाई के लिए करीब दो महीने पहले आर्थिक मदद जुटाने का अभियान शुरू किया गया। उत्तरकाशी से लेकर उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों और देश-विदेश में रहने वाले लोगों ने इस मुहिम में सहयोग दिया। उत्तराखंड सरकार की ओर से भी 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। ग्रामीणों और अन्य मददगारों ने अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया।
रोशन रतूड़ी के अनुसार, इंद्रमणि की रिहाई के लिए लगभग 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल यानी करीब 2 करोड़ 51 लाख रुपये जमा किए गए। इस राशि में टैक्स और कन्वर्जन फीस भी शामिल थी। रकम जमा होने के बाद जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की गई और अब उनकी वतन वापसी का रास्ता साफ हो गया है।
रोशन रतूड़ी ने निभाई अहम भूमिका
अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने बताया कि इंद्रमणि नौटियाल कई सालों से सऊदी अरब की जेल में फंसे हुए थे। उनकी रिहाई के लिए शुरू की गई मुहिम के तहत जरूरी रकम जुटाई गई। इसके बाद धनराशि जमा कराई गई और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। अब इंद्रमणि अपने परिवार के बीच लौटने जा रहे हैं।
बेटी दीपिका ने मददगारों का जताया आभार
इंद्रमणि नौटियाल की बेटी दीपिका ने पिता की रिहाई और घर वापसी पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि पिता को वापस लाने के लिए दो महीने पहले शुरू किया गया अभियान अब पूरा हो गया है। परिवार को उम्मीद थी कि दीपावली तक उनके पिता घर लौट आएंगे, लेकिन फ्लाइट से जुड़ी समस्या के कारण ऐसा नहीं हो पाया। अब दीपावली के बाद उनकी वापसी संभव हो गई है।
दीपिका ने इस मुहिम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों की मदद से ही पिता की वतन वापसी का सपना पूरा हो पा रहा है। जल्द ही वह सोशल मीडिया के माध्यम से इस संबंध में खुशखबरी साझा करेंगी।
24 साल से विदेशों में फंसे भारतीयों की मदद कर रहे रोशन रतूड़ी
टिहरी जिले के रहने वाले रोशन रतूड़ी पिछले करीब 24 साल से विदेशों में फंसे भारतीयों की मदद कर रहे हैं। वह एजेंटों के चंगुल या अन्य परिस्थितियों में विदेशों में फंसे लोगों को कानूनी सहायता दिलाने और उन्हें सुरक्षित स्वदेश लाने के प्रयास करते हैं।
बताया जाता है कि अब तक रोशन रतूड़ी 86 भारतीयों के शव भी उनके परिजनों तक पहुंचाने में मदद कर चुके हैं। कोरोना काल के दौरान भी उन्होंने विदेशों में फंसे कई भारतीयों की सहायता की थी। इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई और घर वापसी की मुहिम में भी उनकी अहम भूमिका रही।







