एफएनएन, रायपुर : Raipur Driver छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खम्हारडीह इलाके में एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी के 50 लाख रुपये लेकर उसका ही ड्राइवर फरार हो गया था। हालांकि अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी उमेश अग्रवाल ने अपने अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन को 50 लाख रुपये बैंक में जमा कराने के लिए दिए थे। अकाउंटेंट और ड्राइवर कृष्णा साहू एक कार (CG 04 QG 663) से बैंक पहुंचे, लेकिन बैंक बंद होने के कारण वे लौट रहे थे।
इसी दौरान गीतांजलि नगर के पास ड्राइवर ने चालाकी से अकाउंटेंट को गुटखा लाने के बहाने गाड़ी से नीचे उतार दिया। जैसे ही अकाउंटेंट नीचे उतरा, ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर 50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद आरोपी अपने घर नहीं पहुंचा, जिससे पुलिस को उस पर शक और गहरा हो गया। जांच में सामने आया कि वह पिछले एक साल से कारोबारी के यहां ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था और परिवार का भरोसा जीत चुका था।
पुलिस ने लगातार तलाश के बाद आरोपी कृष्णा साहू को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच चल रही है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर कर्ज का दबाव होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस इस एंगल सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






