एफएनएन, नैनीताल : Nainital उत्तराखंड के नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर मंगलवार सुबह पटाखों से भरे एक चलते ट्रक में आग लगने से हड़कंप मच गया। ज्योलीकोट के समीप ट्रक के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। आग लगते ही ट्रक में रखे पटाखे फूटने लगे। सड़क पर लगातार हो रहे धमाकों से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इस दौरान चालक ने ट्रक से उतरकर भागते हुए अपनी जान बचाई।
ज्योलीकोट के पास चलते ट्रक में लगी आग
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पटाखों से भरा एक ट्रक हल्द्वानी से ज्योलीकोट की ओर जा रहा था। इसी दौरान ज्योलीकोट के पास अचानक ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक में रखे पटाखे फूटने लगे।
बीच सड़क पटाखों के लगातार धमाकों से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
पटाखों के धमाकों से सड़क पर मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि, ट्रक में रखे पटाखों के लगातार फूटने के कारण आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद दमकल विभाग की टीम को भी सूचना दी गई।
पटाखों के धमाकों और आग की स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यातायात बाधित हो गया।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
फिलहाल ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद मार्ग पर सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए गए। आग पर काबू पाने और यातायात सामान्य करने के लिए संबंधित विभागों की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है।








