एफएनएन, उत्तरकाशी : Uttarakhand में देर रात से हो रही लगातार भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। यमुनोत्री धाम जाने वाला पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है, कई ग्रामीण सड़कें बंद हैं और डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित इलाकों में राहत एवं बहाली के कार्य में जुटे हुए हैं।
यमुनोत्री हाईवे और जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर बारिश का सबसे अधिक असर देखने को मिला। राम मंदिर के पास यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पैदल मार्ग का लगभग 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे यात्रियों की आवाजाही रोकनी पड़ी। वहीं पाली गाड़ के समीप हाईवे पर पहाड़ी से बोल्डर गिरने से यमुनोत्री से लौट रहे दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया।







