एफएनएन , रुद्रपुर : उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में बीजेपी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। गांधी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखे राजनीतिक हमले किए।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर देश में भ्रम और अराजकता फैलाने, सनातन संस्कृति के प्रति विरोधी सोच रखने और भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल उठाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की राजनीति केवल विरोध करने और जनता को गुमराह करने तक सीमित रह गई है।
कांग्रेस और विपक्ष पर सीएम धामी का तीखा हमला
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि विपक्ष की हालत ऐसी हो गई है कि ‘900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’। सीएम ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को असली संसद से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, लेकिन अब विपक्ष मॉक संसद के जरिए भी अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि वे देश के विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाने के बजाय भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में विकास के बजाय घोटालों को बढ़ावा दिया।
दिल्ली की रैली को लेकर कांग्रेस पर उठाए सवाल
सीएम धामी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद भी रैली आयोजित की जा सकती थी, लेकिन व्यापारियों की परेशानियों को नजरअंदाज किया गया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि रैली के कारण बाजारों और दुकानों को बंद कराया गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहती है तो जनता के लिए और सत्ता से बाहर होती है तो देश के लिए खतरा बन जाती है।
राहुल गांधी और सेना के मुद्दे पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिकों की भूमि है और भारतीय सेना में हर पांचवां जवान उत्तराखंड से आता है। ऐसे में सेना के शौर्य और साहस पर सवाल उठाना प्रदेश के सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है।
सीएम धामी ने सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता कभी सेना से कार्रवाई के सबूत मांगते हैं तो कभी देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं को अपने ही नेता की बातें पसंद नहीं आतीं तो उन्हें खुलकर उनका विरोध करना चाहिए।
खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा कांड का किया जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने खटीमा गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना में सात लोगों की जान गई थी और कई लोग घायल हुए थे। वहीं, रामपुर तिराहा कांड को याद करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं ने मानवता को शर्मसार किया था।
सीएम धामी ने इन घटनाओं के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के लिए रामपुर तिराहा कांड के जख्म आज भी ताजा हैं।
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहकर अपमानित करने का आरोप भी लगाया। इसके साथ ही उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे पर हल्द्वानी की एक रैली में कथित तौर पर लगाए गए जिहादी और उन्मादी नारों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।
न्याय यात्रा की जगह प्रायश्चित यात्रा निकालने की कही बात
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने शासनकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने संबंधी बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी।
सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष की राजनीति का आधार केवल विरोध करना और भ्रम फैलाना रह गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा होने तक सरकार इसी दिशा में काम करती रहेगी।
राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उनकी मोहब्बत की दुकान घाटे में चली गई है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी।
उत्तराखंड में विकास कार्यों को लेकर गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा में प्रदेश की बीजेपी सरकार के विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस को बार-बार नकार चुकी है और पार्टी लंबे समय से प्रदेश की सत्ता से बाहर है। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भी कांग्रेस को वापसी का मौका नहीं देने का आह्वान किया।
सीएम ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है। प्रदेश में एम्स की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके अलावा ऊधम सिंह नगर के खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो चुका है और जमरानी बांध परियोजना से जुड़ी बाधाएं भी दूर हुई हैं।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे युवक को पुलिस ने रोका
जनसभा के दौरान उस समय कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई, जब एक युवक अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक को सीएम तक पहुंचने से रोक दिया और उसे वहां से बाहर कर दिया।
इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मामला सामने आने पर बीजेपी जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक के पास पहुंचकर उसकी बात सुनने का प्रयास किया।
गांधी पार्क से शुरू हुई पदयात्रा, बाजारों से होकर गुजरी
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोरा समेत पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया।
पदयात्रा की शुरुआत गांधी पार्क से हुई। इसके बाद यात्रा बाटा चौक, मेन बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। यहां से पदयात्रा वापस गांधी पार्क लौटी, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस दौरान बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया।








