एफएनएन, नैनीताल : Tourists in Nainital: सरोवर नगरी नैनीताल में वीकेंड पर सैलानी उमड़े तो यहां होटल व गेस्ट हाउस के साथ वाहनों से पार्किंग स्थल भी पैक हो गए। पर्यटक वाहनों की भीड़ से यातायात व्यवस्था चरमराने से यहां माल रोड समेत अन्य सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
जाम का आलम यह रहा कि पांच मिनट का माल रोड का सफर आधे घंटे से भी अधिक समय में बमुश्किल पूरा हुआ। इस दौरान मल्लीताल से लेकर बारापत्थर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही जबकि दुपहिया वाहनों के सैकड़ों की संख्या में बेरोकटोक आवागमन से यातायात व्यवस्था में व्यवधान पैदा हुआ।
- पुलिस कर्मी घंटों तक जूझते नजर आए
वीवीआइपी ड्यूटी में हल्द्वानी गए पुलिस कर्मियों की वजह से यहां यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए चंद पुलिस कर्मी घंटों तक जूझते नजर आए। शनिवार को यहां भारी संख्या में सैलानी उमड़ आए। भीड़ बढ़ने से नगर के अधिकांश होटल सुबह ही पैक हो गए। दोपहर तक नगर के दूरदराज के होटल, होमस्टे व गेस्ट हाउस भी भर गए। जिस कारण शाम के समय पहुंचे कई सैलानी होटल की तलाश में परेशान नजर आए।
इस बीच पार्किंग व होटलों की तलाश में पर्यटक वाहन रेंगते रहे और नगर के आंतरिक मार्गों में जाम लगता रहा। यहां लोअर मालरोड, स्नोव्यू मार्ग, बारापत्थर मार्ग, नारायण नगर से बारापत्थर व भवाली मार्ग पर घड़ी घड़ी जाम लगने से स्थानीय लोग भी परेशान रहे।
संकरी सड़कों में लगे जाम को खुलवाने में पुलिस कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान दुपहिया वाहनों के बड़ी संख्या में पहुंचने से नगर के सभी मार्ग वाहनों से पट गए। अनुमान के मुताबिक एक दिन में 20 हजार से अधिक सैलानी नैनीताल पहुंचे। पंत पार्क सहित तिब्बती, भोटिया व बड़ा बाजार पर्यटकों से पटे रहे और रेस्टोरेंट में बैठने को जगह नहीं मिली।
- ढाई हजार से अधिक पर्यटक वाहनों ने शहर में एंट्री की
स्नोव्यू, राजभवन, चिड़ियाघर, हिमालय दर्शन व केव गार्डन में अन्य दिनों की अपेक्षा रिकार्ड सैलानी पहुंचे। झील में सुबह से शाम तक नौकायन के लिए पर्यटकों का तांता लगा रहा। अनुमान के अनुसार शनिवार को ढाई हजार से अधिक पर्यटक वाहनों ने शहर में एंट्री की, इस वजह से जाम भी लगा। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पीआरओ रुचिर साह के अनुसार शहर में अतिरिक्त पार्किंग का इंतजाम जरूरी है, अन्यथा पर्यटन सीजन में परेशानी बढ़ सकती है।






