Sunday, February 8, 2026
03
20x12krishanhospitalrudrapur
IMG-20260201-WA0004
previous arrow
next arrow
Shadow
Homeराज्यउत्तराखंडचीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान का विशेष दौरा: उत्तराखंड में...

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान का विशेष दौरा: उत्तराखंड में 21 फरवरी को आगमन

एफएनएन, श्रीनगर गढ़वाल : देश के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान जल्द उत्तराखंड का दौरा करेंगे.सीडीएस जनरल अनिल चौहान 21 फरवरी को श्रीनगर गढ़वाल पहुंचेंगे. यहां सीडीएस जनरल अनिल चौहान गढ़वाल केंद्रीय विवि के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. यह कार्यक्रम गढ़वाल केंद्रीय विवि के चौरास कैंपस में आयोजित किया जाएगा.

अपने प्रवास के दौरान सीडीएस जनरल अनिल चौहान विश्वविद्यालय में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, संवादात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे. इस अवसर पर विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय परिवार को देश की सुरक्षा नीति, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, राष्ट्रसेवा तथा सशस्त्र बलों के योगदान से जुड़े विषयों पर सीधे संवाद का दुर्लभ अवसर प्राप्त होगा. यह कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व विकास की भावना को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

सीडीएस के प्रस्तावित आगमन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है. इसी क्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया. जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा दायित्वों पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह बिष्ट, कुलसचिव अनीस उज ज़मान, वित्त अधिकारी प्रो. एनएस पंवार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं, चीफ प्रॉक्टर प्रो. दीपक कुमार, उपकुलसचिव (वित्त) डॉ. संजय ध्यानी, इंचार्ज अधिशासी अभियन्ता प्रो. बृजेश गांगिल, जन संपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा, सहायक कुलसचिव (प्रशासन) सूर्य प्रकाश बादल सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, यातायात, मंच संचालन, अतिथि सत्कार, मीडिया समन्वय तथा विद्यार्थियों की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. कार्यक्रम के सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है. सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.

बता दें सीडीएस अनिल चौहान पौड़ी जिले की गवांणा गांव के रहने वाले हैं. सीडीएस अनिल चौहान 11 गोरखा राइफल से ही हैं. अनिल चौहान ने 30 सितंबर 2022 को दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के रूप में पदभार संभाला.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments