एफएनएन, चमोली / नारायणबगड़ : interceptor चमोली जिले में सिमली – ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को सड़क हादसा हो गया। पंती बाजार के पास यातायात विभाग के इंटरसेप्टर वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार विद्युत विभाग के दो संविदा कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की पहचान अनिल रावत और लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है। अनिल के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि लक्ष्मण के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
थराली से कर्णप्रयाग जा रहा था वाहन
जानकारी के अनुसार यातायात विभाग का इंटरसेप्टर वाहन थराली से कर्णप्रयाग की ओर जा रहा था। पंती बाजार के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी लेन यानी रॉन्ग साइड में पहुंच गया। इसी दौरान नारायणबगड़ से पंती की ओर जा रही स्कूटी सामने आ गई। इंटरसेप्टर वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों कर्मचारी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
नींद की झपकी आने की बात सामने आई
प्रारंभिक पूछताछ में इंटरसेप्टर वाहन के चालक ने पुलिस को बताया कि उसे कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई थी। इसी वजह से वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और वह दूसरी दिशा में चला गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। अनिल रावत के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जबकि लक्ष्मण सिंह के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों घायल विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी के तौर पर कार्यरत हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद हादसे की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।







