एफएनएन, लालकुआं : लालकुआं क्षेत्र के समाजसेवी एवं प्रॉपर्टी डीलर महेश जोशी की बरेली राममूर्ति अस्पताल में सोमवार को मौत हो गई। संदिग्ध परिस्थितियों में तहसील में जहर खाकर आत्महत्या के प्रयास के बाद उन्हें बरेली रेफर किया गया था। उनकी मौत के बाद सोमवार को लालकुआं में स्थानीय निवासियों ने परिवारजनों के साथ कोतवाली के बाहर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोग पटवारी पूजा रानी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे, जिनका नाम मृतक जोशी सुसाइड नोट में लिखकर छोड़ गए थे। देर शाम मुकदमा दर्ज करने और पटवारी की गिरफ्तारी का वीडियो कॉल पर दृश्य दिखाए जाने के बाद ग्रामीण शव उठाने को राजी हुए।
प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में तहसील में जहर खाकर आत्महत्या, जनता में आक्रोश
बता दें कि 20 सितंबर को समाजसेवी महेश शर्मा ने लालकुआं तहसील परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया था। तहसील के समीप उन्हें अर्ध बेहोशी की हालत में वाहन के पास पाया गया था। उन्हें पहले हल्द्वानी और फिर भोजीपुरा स्थित राम मूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना था कि मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों को ठहराया है।







