एफएनएन , हरिद्वार : राजाजी टाइगर रिजर्व में रविवार सुबह नए पर्यटन सत्र की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई। इस मौके पर पार्क के चार प्रमुख प्रवेश द्वारों चीला, मोतीचूर, रानीपुर और चिल्लावाली का विधिवत पूजन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद सभी गेट पर्यटकों के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही जंगल सफारी का इंतजार कर रहे सैलानियों की आवाजाही भी शुरू हो गई।
70 सफारी वाहनों के साथ पर्यटकों ने की जंगल की सैर
नए पर्यटन सत्र के पहले दिन अलग-अलग गेटों से कुल 70 सफारी वाहन जंगल की सैर पर निकले। इनमें चीला गेट से 30, मोतीचूर से 15, चिल्लावाली से 15 और रानीपुर गेट से 10 सफारी वाहन शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि मानसून के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा और प्राकृतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए हर साल 15 जून को पार्क के गेट बंद कर दिए जाते हैं। इसके बाद 15 नवंबर को दोबारा पर्यटकों के लिए सफारी शुरू की जाती है।
ईको टूरिज्म की बढ़ती लोकप्रियता से उत्साहित अधिकारी
राजाजी टाइगर रिजर्व के चीला रेंज अधिकारी बीडी तिवाड़ी ने बताया कि इस बार जंगल सफारी को लेकर पर्यटकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। पिछले सफारी सत्र में भी रिजर्व में ईको-टूरिज्म की लोकप्रियता लगातार बढ़ी थी।
वहीं, हरिद्वार की वाइल्ड लाइफ वार्डन चित्रांजली नेगी के मुताबिक, देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश के नजदीक होने के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जैव विविधता के कारण राजाजी टाइगर रिजर्व देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
बाघ और गुलदार समेत 315 से अधिक पक्षियों की प्रजातियां
राजाजी टाइगर रिजर्व वन्यजीव प्रेमियों के लिए खास पहचान रखता है। यहां बाघ, गुलदार, हाथी सहित कई वन्यजीव पाए जाते हैं। इसके अलावा रिजर्व में पक्षियों की 315 से अधिक प्रजातियां मौजूद हैं, जो इसे बर्ड वॉचिंग के शौकीनों के लिए भी खास बनाती हैं।
चीला सफारी ट्रैक पार्क का सबसे पुराना और लोकप्रिय ट्रैक माना जाता है। यहां पर्यटकों को बाघ, गुलदार और हाथियों को देखने का अवसर मिल सकता है। वहीं, हरिद्वार के रानीपुर और चिल्लावाली-मोहंड सफारी गेटों पर भी हाल के वर्षों में गुलदार की लगातार साइटिंग दर्ज की गई है। इससे इन क्षेत्रों में भी पर्यटकों की दिलचस्पी बढ़ी है।
एशियाई हाथियों के लिए भी प्रसिद्ध है राजाजी टाइगर रिजर्व
राजाजी टाइगर रिजर्व को एशियाई हाथियों के प्रमुख प्राकृतिक आवासों में गिना जाता है। यहां हाथियों के अलावा बाघ, भालू, गुलदार, हिरण और कई अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी जंगल की जैव विविधता को खास बनाती है। हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक इन वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने के लिए यहां पहुंचते हैं। नए पर्यटन सत्र के शुरू होने से एक बार फिर राजाजी में पर्यटकों की रौनक बढ़ने की उम्मीद है।








