एफएनएन , हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार में देर रात एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में बड़ी मात्रा में गन्ना लदा हुआ था। हादसा कनखल कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर प्रेमनगर तिराहे के पास हुआ। ट्रक पलटते ही सड़क किनारे खड़ी दो कारें उसकी चपेट में आ गईं। गन्ने से लदे ट्रक के नीचे दबने से दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त कारों में कोई मौजूद नहीं था और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
होटल के सामने अचानक पलटा गन्ने से लदा ट्रक
जानकारी के मुताबिक, शुगर मिलों में गन्ना पेराई का सीजन शुरू होने के बाद किसान बड़ी संख्या में गन्ने की फसल लेकर मिलों तक पहुंच रहे हैं। इसी दौरान देर रात गन्ने से भरा एक ट्रक हरिद्वार में हाईवे की सर्विस रोड से गुजर रहा था। प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने पहुंचते ही ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते भारी भरकम ट्रक सड़क पर पलट गया।
ट्रक के नीचे दब गईं हरियाणा और उत्तराखंड नंबर की कारें
हादसे के समय सर्विस रोड के किनारे दो कारें खड़ी थीं। ट्रक पलटने के बाद एक हरियाणा नंबर की कार पूरी तरह गन्नों के नीचे दब गई। बताया जा रहा है कि एक परिवार इस कार से हरिद्वार में रिश्तेदारी में आया हुआ था। गनीमत रही कि हादसे के वक्त परिवार का कोई सदस्य कार के अंदर मौजूद नहीं था। वहीं, दूसरी उत्तराखंड नंबर की कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे आ गया, जिससे उसे भी काफी नुकसान पहुंचा।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
ट्रक पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लदे गन्ने को हटाया गया और दोनों कारों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सर्विस रोड पर यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू कराया गया।
नशे में होने का आरोप, चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कनखल कोतवाली के एसएसआई अनुज सिंह के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। ट्रक को खाली कराकर दोनों कारों को बाहर निकाल लिया गया है। सर्विस लेन पर यातायात भी बहाल कर दिया गया है। हादसे में कारों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी की जान नहीं गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद हाईवे और आसपास की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गन्ने से जरूरत से ज्यादा लदे वाहन लगातार सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में लोगों ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।







