एफएनएन, पिथौरागढ़ : जौलजीबी मेले में नरबलि को लेकर विवादित बयान देने के बाद धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी अब अपने ही बयान पर सफाई देते नजर आ रहे हैं। बयान को लेकर भाजपा के लगातार हमलों और बढ़ते राजनीतिक विवाद के बीच कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में हरीश धामी ने अपनी बात रखी। उन्होंने विवादित बयान को जुबान फिसलने का मामला बताते हुए कहा कि आखिर वह भी इंसान हैं और बोलते समय कभी-कभी जुबान फिसल जाती है।
जौलजीबी मेले में विवाद से शुरू हुआ पूरा मामला
दरअसल, 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। इसी दौरान कांग्रेस विधायक हरीश धामी और प्रशासन के बीच विवाद हो गया। विधायक का आरोप था कि मेला समिति की अध्यक्षता करने के बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौटने के बाद विधायक ने मंच से अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान माइक फेंकने और हंगामे के वीडियो भी सामने आए। इसके बाद मामला और तूल पकड़ गया, जब विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
नरबलि वाले बयान से प्रदेश की राजनीति में मचा बवाल
वायरल वीडियो में हरीश धामी खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताते हुए नरबलि करने तक की बात कहते नजर आए। उनके इस बयान ने उत्तराखंड की राजनीति में हलचल मचा दी। भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला और पार्टी नेतृत्व से विधायक के बयान पर जवाब मांगा।
भाजपा नेताओं ने विधायक की भाषा और राजनीतिक आचरण पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर मामला बताया। वहीं, जौलजीबी मेले में हुए घटनाक्रम को लेकर विधायक समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस मुकदमा भी दर्ज किया गया।
कुमारी सैलजा के सामने विधायक ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद अब हरीश धामी का अपने बयान पर सफाई देना राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में विधायक ने कहा कि उनका बयान भावावेश में निकले शब्द थे। उन्होंने इसे जुबान फिसलने का मामला बताते हुए कहा कि इंसान होने के नाते कभी-कभी बोलते समय ऐसा हो जाता है।
हरीश धामी ने अपने बयान के पीछे जौलजीबी मेले में हुए घटनाक्रम और क्षेत्र की जनता के सम्मान से जुड़ी नाराजगी को वजह बताया। हालांकि, उनके इस स्पष्टीकरण के बाद भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जारी हैं।
क्या पार्टी नेतृत्व के दबाव में आए बैकफुट पर?
हरीश धामी के बयान पर सफाई देने के बाद अब कई सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि क्या विधायक को अपने शब्दों की गंभीरता का अहसास हो गया है या फिर पार्टी नेतृत्व की नाराजगी के चलते उन्हें सफाई देनी पड़ी? फिलहाल, नरबलि वाले बयान से शुरू हुआ यह विवाद उत्तराखंड कांग्रेस के लिए राजनीतिक असहजता का कारण बना हुआ है।







