एफएनएन, ग्रेटर नोएडा : Greater Noida यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुए इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्रियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बस संख्या BR32PA8647 कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा जा रही थी। रात करीब 11 बजे जेवर क्षेत्र में अचानक बस से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
धुएं के बीच यात्रियों का रेस्क्यू
आग की सूचना मिलते ही जेवर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने धुएं के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बस के अंदर से 9 लोग मृत अवस्था में मिले। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मौतें आग में झुलसने और दम घुटने से हुईं।
कई यात्रियों ने बस से कूदकर बचाई जान
हादसे के दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। यात्रियों के मुताबिक, ज्यादातर लोग सो रहे थे और आग लगने के बाद अचानक धुआं भरने से बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई।
एक यात्री ने बताया कि उसे किसी ने जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। बाहर निकलने के दौरान चारों तरफ धुआं था और यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। एक अन्य यात्री ने बताया कि उसने सामान तक नहीं उठाया और सिर्फ मोबाइल लेकर किसी तरह बस से बाहर निकला।
आग लगने की वजह क्या थी?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एसी सिस्टम में शॉर्ट सर्किट या स्पार्क से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।
ड्राइवर और कंडक्टर हिरासत में
हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर के मौके से चले जाने की बात भी सामने आई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और हादसे को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस बस की स्थिति, चालक की भूमिका और आग लगने के कारणों समेत हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सीएम योगी ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित
बस में लगी आग के बाद सुरक्षा के मद्देनजर यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात को नियंत्रित किया गया। आग बुझाने के बाद जली हुई बस को हटाने की कार्रवाई की गई। पुलिस मृतकों की पहचान और घायलों से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।
यह हादसा एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर चलने वाली स्लीपर बसों की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और यात्रियों की आपातकालीन निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करता है।







