एफएनएन, ऋषिकेश : Rishikesh मुनि की रेती क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। भद्रकाली से पूर्णानंद पार्किंग की ओर जा रही छात्रों से भरी बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर एक आश्रम की बाउंड्रीवॉल से जा टकराई। हादसे में बस चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। बस में करीब 50 छात्र सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से शैक्षिक भ्रमण पर हरिद्वार और ऋषिकेश आए हुए थे।
ब्रह्मानंद मोड़ और पीडब्ल्यूडी तिराहे के बीच हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, छात्रों से भरी बस भद्रकाली से ब्रह्मानंद मोड़ होते हुए पूर्णानंद पार्किंग की ओर जा रही थी। इसी दौरान ब्रह्मानंद मोड़ से पीडब्ल्यूडी तिराहे के बीच अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक आश्रम की बाउंड्रीवॉल से टकरा गया।
चालक समेत तीन लोग घायल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में करीब 50 छात्र सवार थे। घटना में चालक सहित कुल तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा जा रहा है।
क्रेन की मदद से हटाई गई बस
मुनि की रेती यातायात पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना सामने आया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु करने के लिए क्रेन बुलाई गई। छात्र फिरोजाबाद से शैक्षिक भ्रमण पर उत्तराखंड आए थे। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली।







