एफएनएन, देहरादून : उत्तराखंड में पीसीएस और लोअर पीसीएस परीक्षाओं के लटकने के मामले में अब शासन सख्त हो गया है। अब सचिव कार्मिक ने सभी विभागों के साथ एक अप्रैल को बैठक बुलाई है, जिसमें उन्हें अपने रिक्त पदों के अधियाचन, रोस्टर व अन्य जानकारी लेकर पहुंचना होगा।
विभाग रिक्त पद बताने को ही नहीं तैयार ” खबर के माध्यम से इस साल अभी तक पीसीएस या लोअर पीसीएस का अधियाचन राज्य लोक सेवा आयोग को न मिलने का मामला उठाया था।
इसमें बताया गया था कि कैसे आयोग ने पूर्व के कैलेंडर में ये परीक्षाएं प्रस्तावित की थीं लेकिन अधियाचन न मिलने के चलते संशोधित कैलेंडर से इन्हें गायब कर दिया था। चिंताजनक बात ये भी थी कि शासन से लगातार विभागों को पत्र भेजने के बावजूद वह रिक्तियां बताने को तैयार नहीं हैं।
अब कार्मिक विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। दोनों परीक्षाओं को लेकर एक अप्रैल को सचिवालय में बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी विभागों को बुलाया गया है।
पत्र में साफ कहा गया है कि सभी विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से संबंधित अधियाचन, रोस्टर व अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ बैठक में शामिल हों। जिन विभागों के पास रिक्त पद नहीं हैं, वे भी इसकी सूचना के लिए बैठक में शामिल होंगे।






