एफएनएन, विदिशा : मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बड़ी घटना हो गई। जहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे है। यह सभी करीला धाम के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पूरी घटना हैदरगढ़ थाना क्षेत्र की है।
हैदरगढ़ के ग्राम धामनोद में रहने वाले कुशवाहा परिवार के सदस्य और उनके अन्य रिश्तेदार बोलेरो वाहन से करीला धाम दर्शन करने गए थे। वापसी में ग्यारसपुर में उन्होंने रात गुजारी सुबह फिर हैदरगढ़ के लिए रवाना हुए और सीधा और बायपास रोड पर एक मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें तकरीबन 15 लोग सवार थे, इसमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे।
इस घटना में लक्ष्मीबाई (45) की इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्यारसपुर में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। 10 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जिनमे से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। ग्यारसपुर और हैदरगढ़ पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने घटना और घटना में एक महिला के मौत की पुष्टि की है।





