एफएनएन, बागेश्वर: बागेश्वर जिले में आज सुबह एक घंटे के अंदर लगातार तीन भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और वे घरों से बाहर निकल आए।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का सिलसिला सुबह 10:32 बजे शुरू हुआ। पहला झटका 3.1 तीव्रता का दर्ज किया गया। इसके बाद 10:46 बजे 2.6 तीव्रता और 11:31 बजे 2.8 तीव्रता का तीसरा झटका महसूस किया गया।
तीनों झटकों का केंद्र कपकोट तहसील के बदियाकोट, सोराग और बाछम क्षेत्र के आसपास जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में रहा। इन दूरस्थ पहाड़ी इलाकों में कंपन ज्यादा महसूस किया गया, जबकि जिले के अन्य हिस्सों में भी हल्के झटके दर्ज किए गए।
लगातार आए झटकों से लोग सहम गए और सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। हालांकि प्रशासन के अनुसार अभी तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
राजस्व विभाग की टीम को प्रभावित क्षेत्रों में भेजकर स्थिति और संभावित नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।






