एफएनएन, रुड़की : हरिद्वार जिले के रुड़की में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. बीती देर शाम कांवड़ पटरी मार्ग पर हुए हादसे के कुछ ही घंटों बाद एक और सड़क हादसा हो गया. इस बार ट्रैक्टर-ट्राली और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में बोलेरो चालक को गंभीर चोटें आई हैं, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. गनीमत रही कि बोलेरो में सवार अन्य यात्रियों को हल्की चोटे आई हैं. पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया हैं, फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
जानकारी के मुताबिक पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मुकर्रबपुर निवासी (25 वर्षीय) जुल्फिकार बोलेरो से अपने अन्य दो दोस्तों के साथ पिरान कलियर से रुड़की की ओर जा रहा था, जैसे ही वह रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र कांवड़ पटरी मार्ग पर पहुंचे तो सामने की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी. बताया गया है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के सामने वाले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई. जिसके बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई.
वहीं मौके पर पहुंचे राहगीरों ने बोलेरो में सवार युवकों को बाहर निकाला और घटना की जानकारी सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पुलिस ने घायल चालक जुल्फिकार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसका उपचार चल रहा है. हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में बोलेरो में सवार अन्य दो युवकों को हल्की चोटें आई हैं. वहीं पुलिस ने क्षतिग्रस्त हुए दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है. बताते चलें, इस हादसे से कुछ ही घंटों पहले कांवड़ पटरी मार्ग पर एक और सड़क हादसा हुआ था, हालांकि उस हादसे का थाना क्षेत्र अलग था.







