एफएनएन, चमोली : Badrinath राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैठाणा के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा दोबारा धंस गया। सड़क धंसने के कारण एक ट्रक भी मार्ग पर फंस गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हाईवे के इस संवेदनशील हिस्से में बार-बार हो रहे भू-धंसाव ने यात्रियों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है।
करोड़ों की मरम्मत के बाद भी नहीं थमा भू-धंसाव
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मैठाणा में जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां पहले भी सड़क के उपचार और मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद सड़क के दोबारा धंसने से पूर्व में किए गए कार्यों की गुणवत्ता और स्थायित्व पर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों का कहना है कि हर बरसात में इस हिस्से की स्थिति बिगड़ जाती है और स्थायी समाधान के बजाय बार-बार मरम्मत का काम किया जाता है। स्थानीय लोगों ने सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की जांच और पहले किए गए कार्यों की गुणवत्ता की भी जांच कराने की मांग की है।
चारधाम यात्रा के बीच सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
बदरीनाथ हाईवे चारधाम यात्रा के साथ-साथ स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में मानसून और चारधाम यात्रा के दौरान सड़क का बार-बार धंसना यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द स्थायी उपचार कराने की मांग की है। साथ ही बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी और समय रहते जरूरी कदम उठाने की अपील की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।







