एफएनएन, जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला मंत्री बोधापुर गांव निवासी प्रमोद यादव की मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने गुरुवार की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। गोली सीने में लगी है। शादी का कार्ड देने के बहाने रोककर बाइक सवार बदमाशों में प्रमोद यादव की गुरुवार की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। घटना का कारण साफ नहीं हो सका है।
धनंजय के करीबी माने जाते थे प्रमोद
भाजपा के जिला मंत्री रहे प्रमोद यादव पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी माने जाते थे। इनके पिता राजबली यादव भी जनसंघ से जुड़े थे। उनकी भी गांव में ही आपसी रंजिश को लेकर हत्या हुई थी। ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले प्रमोद यादव 2007 में रारी विधानसभा से निर्दल चुनाव लड़े थे। उसके बाद 2012 के विधानसभा चुनाव में मल्हनी विधानसभा बनने पर भाजपा ने प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन नामांकन पत्र खारिज हो गया था। उस समय धनंजय सिंह की पत्नी जागृति निर्दल चुनाव लड़ी थीं, लेकिन वह भी हार गई थीं। सपा के पारस नाथ यादव चुनाव जीते थे।










